Friday, 16 December 2016

नवगीत- फिर से बच्चा बनना है

अँकवारी में भर ले माँ,
फिर से बच्चा बनना है।

बंग्ला बहुत बड़ा है मेरा,
ऊँची दीवारों का घेरा।
एसी हीटर की सुविधा है,
निदिया को फिर भी दुविधा है।।
पैसों की खन-खन है हरपल,
आज यहाँ तो वहाँ गये कल।
लेकिन मैया चैन नहीं है,
आज मुझे ये कहना है।
फिर से बच्चा बनना है।।
अँकवारी में भर ले माँ,
फिर से बच्चा बनना है।।

भाग दौड़ से ऊब चुका हूँ,
थक कर मैं तो टूट चुका हूँ।
बंग्ला अब छोटा लगता है,
पैसा भी खोटा लगता है।।
आँचल में तेरे सोना है,
परियों में फिर से खोना है।
अम्मा फेरो हाथ जरा फिर,
स्वप्नों में फिर बहना है।
फिर से बच्चा बनना है।।
अँकवारी में भर ले माँ,
फिर से बच्चा बनना है।

चाँद सितारे फिर दिखला दे,
आसमान की सैर करा दे।
राम कृष्ण की वही कहानी,
फिर गीता नानक की बानी।।
लिये कटोरी दूध भात की,
भागा-भागी निशा प्रात की।
तेरी अँगुली के सम्बल से,
फिर से मुझको चलना है।
फिर से बच्चा बनना है।।
अँकवारी में भर ले माँ,
फिर से बच्चा बनना है।

✍डॉ पवन मिश्र

Saturday, 3 December 2016

ग़ज़ल- डूबा हुआ है


रंजो गम में सारा घर डूबा हुआ है।
मेरे दिन का हर पहर डूबा हुआ है।।

इस ज़माने की नहीं परवाह उसको।
इश्क़ में जो बेख़बर डूबा हुआ है।।

ख्वाहिशों सँग उड़ रहा है आसमां में।
इश्क़ में उनके मगर डूबा हुआ है।।

क्यों नहीं फिर से सजाता ख़्वाब अपने।
क्यों गमों में इस कदर डूबा हुआ है।।

मुस्कुराकर जीस्त को आसान कर ले।
दर्द में क्यूँ ये सफ़र डूबा हुआ है।।

खुद फ़ना होकर किया रौशन जहां को।
तीरगी में उसका घर डूबा हुआ है।।

जिंदगी के मायने हैं और लेकिन।
जरपरस्ती में बशर डूबा हुआ है।।

जुल्म पर भी ख़िड़कियाँ हैं बन्द सारी।
किस नशे में ये शहर डूबा हुआ है।।

हो गया हावी अँधेरा ज़िंदगी पर।
दिन में भी सूरज इधर डूबा हुआ है।।

लोग सड़कों पर हैं लेकिन मुक्तदिर वो।
नींद में ही बेख़बर डूबा हुआ है।।

तिश्नगी में जल रहा कैसे पवन जब।
आंसुओ से तर ब तर डूबा हुआ है*।।
             
                         ✍ डॉ पवन मिश्र
*जनाब "शिज्जु शकूर" जी का मिसरा

ज़ीस्त= जिंदगी                     तीरगी= अँधेरा
जरपरस्ती= धन लालसा         बशर= आदमी
मुक्तदिर= सत्तावान                तिश्नगी= प्यास

Monday, 21 November 2016

ग़ज़ल- सूखे फूल


सूखे फूल किताबों में जब मिल जाते हैं ।
यादों से तब खुशबू के झोंके आते हैं।।

अपलक तकते रहते हैं जो राह तुम्हारी।
उन पलकों की कोरों को नम कर जाते हैं।।

हर आहट तेरा ही भान कराती हमको।
अक्सर परछाईं से जाकर टकराते हैं।।

अश्क़ छिपा कर हँसकर मिलते हैं वो हमसे।
छुप कर उन नजरों से हम भी रो आते हैं।।

सुर्ख लबों की किस्सा गोई हमसे पूछो।
मय तो है बदनाम होंठ ही बहकाते हैं।।

सब कुछ ले लो इन सूखे फूलों के बदले।
बेज़ार पवन को ये ही तो महकाते हैं।।

                         ✍ डॉ पवन मिश्र
सुर्ख़= लाल
मय= शराब

Sunday, 6 November 2016

ग़ज़ल- पवन खुली किताब है, किताब देखते रहो


ज़लील रहनुमाओं के नक़ाब देखते रहो।
दिखा रहे तुम्हे जो ये सराब देखते रहो।।

छुरी छिपा के दिल में ये ज़ुबाँ के खेल से ही बस।
चुकाते किस तरह से हैं हिसाब देखते रहो।।

लगेगा हाथ कुछ नहीं यहाँ सिवाय ख़ाक के।
है लुत्फ़ तुमको ख़्वाब में तो ख़्वाब देखते रहो*।।

सवाल हैं वही मगर सिखाती जिंदगी यही।
बदलते दौर में नए जवाब देखते रहो।।

हरिक तरह का है चलन जमाने के रिवाज़ में।
ये कैसी बेरुखी कि बस खराब देखते रहो।।

खिली सी धूप को लिये वो सुब्ह फिर से आयेगी।
कि तब तलक फ़लक पे माहताब देखते रहो।।

नहीं है पास कुछ मेरे वफ़ा के नाम के सिवा।
पवन खुली किताब है, किताब देखते रहो।।

                               ✍ डॉ पवन मिश्र

*एहतराम इस्लाम साहब का मिसरा

सराब= मृगतृष्णा
फ़लक= आसमान
माहताब= चंद्रमा

Sunday, 2 October 2016

ग़ज़ल- जिंदगी नाम है चलने का तो चलते रहिये

हाथ पे हाथ धरे आप उबलते रहिये।
बातों से देश की तस्वीर बदलते रहिये।।

पांच सालों के लिए आप ने इनको है चुना।
तब तलक इनके इशारों पे उछलते रहिये।।

हार क्यूँ मान ली है देख के तूफानों को।
ये तो आएंगे ही बस आप सँभलते रहिये।।

फूल ही फूल खियाबाँ में खिलेंगे हमदम।
इश्क़ की आँच में बस यार पिघलते रहिये।।

चाँद भी तक रहा शिद्दत से तेरे कूचे को।
चाँदनी रात की ख़ातिर ही निकलते रहिये।।

बस यही बात पवन को नहीं रुकने देती।
जिंदगी नाम है चलने का तो चलते रहिये।।

                               ✍ डॉ पवन मिश्र
खियाबाँ= बाग़

Saturday, 24 September 2016

ग़ज़ल- जो साँसे और मिल जाती

*1222  1222  1222 1222*

जो साँसे और मिल जाती तो सूरत और हो जाती।
समझ लेते क़ज़ा को फिर हकीकत और हो जाती।।

हुआ अच्छा कि मज़बूरी बयाँ कर दी हमें आकर।
नहीं तो इस जमाने से बगावत और हो जाती।।

नकाबों में छिपे थे तुम मगर चाहा बहुत हमने।
अगर खुल कर हमें मिलते मुहब्बत और हो जाती।।

सितमगर हाय बारिश ने बचाया ख़ाक बस्ती को।
न बुझती आग जो थोड़ी सियासत और हो जाती।।

जो खींचे कान गर होते समय पर बिगड़े बच्चों के।
बड़प्पन के नजरिये से हिदायत और हो जाती।।

मिला है साथ उनका तो न छूटे सात जन्मों तक।
पवन पर ऐ खुदा इतनी सी रहमत और हो जाती।

                                 ✍ डॉ पवन मिश्र
कज़ा= मृत्यु

ताटंक छन्द- बदलते शब्द


एक दौर जीवन का वो जब, 'क' से कबूतर होता था।
उड़ता था उन्मुक्त गगन में, नींद चैन की सोता था।।
'ख' से खाली जेब थी लेकिन, नित नव सपने बोता था।
'ग' के रँगे गुब्बारों खातिर, 'घ'ड़ी घड़ी मैं रोता था।१।

तितली ही प्यारी लगती थी, 'त'कली मन को भाती थी।
दिन भर होती भागा-दौड़ी, 'थ'कान नजर न आती थी।।
'द'ही जलेबी का लालच दे, अम्मा हमे बुलाती थी।
'ध'नुष-बाण, तलवार तराजू, मेले से वो लाती थी।२।

अद्भुत दिन थे बचपन के वो, याद हमेशा आते हैं।
वर्ण वही हैं माला के पर, शब्द बदलते जाते हैं।।
'क' मुंह फाड़े खड़ा सामने, काम काम चिल्लाता है।
'ख' कहता खुदगर्ज़ बनो और, लाखों 'ग'म दे जाता है।३।

लेकिन रिमझिम बूंदें अब भी, अंतर्मन छू जाती हैं।
यादों में कागज की नावें, हलचल खूब मचाती हैं।।
वही कबूतर, तकली, तितली, सपने में ललचाते हैं।
बचपन की गलियों में फिर से, हमको रोज बुलाते हैं।४।


                                     ✍डॉ पवन मिश्र