Sunday, 16 July 2017

ग़ज़ल- मेरे किरदार में वो है मेरे दिन रात में है


मेरे किरदार में वो है मेरे दिन रात में है।
याद कैसे न करूँ जज़्ब खयालात में है।।

मेरे आईने में इक अक़्स उभरने है लगा।
देख ये कैसा असर एक मुलाकात में है।।

लब पे मुस्कान लिये आ तो गया महफ़िल में।
*एक तूफ़ान सा लेकिन मेरे जज़्बात में है।।*

देगा फिर कौन जवाबों को मेरे, तू ही बता।
रहनुमा ही जो घिरा आज सवालात में है।।

बदहवासी में चरागों को बुझाने वाली।
ए हवा देख तो ले क्या मेरी औक़ात में है।।

                        ✍ डॉ पवन मिश्र

जज़्ब= समाया हुआ
*दाग देहलवी साहब का मिसरा

Tuesday, 11 July 2017

ताटंक छन्द- अमरनाथ श्रद्धालुओं पर हमले के संदर्भ में

(अमरनाथ श्रद्धालुओं पर 10/07/17 को हुए हमले के संदर्भ में)

दहशतगर्दी फिर चिल्लाई, भाड़े के हथियारों से।
देखो माँ की छाती फिर से, छलनी है गद्दारों से।।
गूंज रही थी सारी घाटी, हर हर के जयकारों से।
घात लगाकर गीदड़ आये, जेहादी दरबारों से।१।

शर्म जरा सी भी ना आई, उन श्वानों के ज़ायों को।
हरि भक्तों पर घात लगाया, मार दिया असहायों को।।
आखिर क्यूँ दिल्ली की अब भी, बंदूकों से दूरी है।
कुत्ते की दुम सीधी करने, की कैसी मजबूरी है।२।

गांधी के बन्दर जैसा ही, गर मोदी भी गायेगा।
छप्पन इंची सीने का फिर, मतलब क्या रह जायेगा।।
पकड़ गिरेबाँ खींच निकालों, उन कुत्सित हत्यारों को।
जीप छोड़ कर लटकाओ अब, फंदे से गद्दारों को।३।

चुन चुन कर हर छाती रौंदों, नृत्य करो अरिमुण्डों पे।
न्यायालय भी बन्द करे अब, दया दिखाना गुंडों पे।।
ये विषधर के वंशज सारे, अपना रंग दिखायेंगे।
दूध पिला लो चाहे जितना, इक दिन ये डस जाएंगे।४।

सेना को आदेश करो तुम, अब तो रण छिड़ जाने दो।
रौद्र रूप धर जगदम्बा को, अरि का रक्त बहाने दो।।
क्षत विक्षत पापी का तन जब, हिमखण्डों पर छायेगा।
फिर बाबा बर्फानी के घर, हत्यारा ना आयेगा।५।

                                            ✍ डॉ पवन मिश्र

(अमरनाथ श्रद्धालुओं पर 10/07/17 को हुए हमले के संदर्भ में)

Saturday, 8 July 2017

दोहे- गुरु की महिमा


सत्य सनातन श्रेष्ठ है, सकल सृष्टि का सार।
गुरु चरणों में स्वर्ग है, वंदन बारम्बार।१।

जीवन दुर्गम जलधि सम, भ्रमित फिरें नर-नार।
गुरु किरपा ही कर सके, भवसागर से पार।२।

मानव माटी मान लो, गुरु जानो कुमहार।
थाप-पीट औ तपन से, गढ़ता नव आकार।३।

गुरु की महिमा क्या कहूँ, गुरु से गुरुतर कोय।
गुरुवर के आशीष से, सुफल मनोरथ होय।४।

धन-मद में जो चूर हैं, सुनो पवन के बोल।
मात, पिता, गुरु तीन ये, जगती पर अनमोल।५।

                                   ✍ डॉ पवन मिश्र




Sunday, 2 July 2017

ग़ज़ल- नाम लेता है


खुदा का नाम ये बन्दा तो सुबहो शाम लेता है।
कोई पूछे खुदा है क्या तो तेरा नाम लेता है।।

जिसे तुम छोड़ आये थे ज़माने की रवायत में।
वो आशिक आज भी अक्सर तुम्हारा नाम लेता है।।

अगर मुझसे मुहब्बत है तो साहिल पे खड़ा है क्यूँ।
वो आकर क्यूँ नहीं पतवार, क़श्ती थाम लेता है।।

समझ पे ताले जड़ जाते बीमारी इश्क़ है ऐसी।
लगी जिसको भला कब अक्ल से वो काम लेता है।।

न साकी चाहिये मुझको न चाहत मैकदे की ही।
पवन मदहोश है ये बस नज़र के जाम लेता है।।

                                 ✍ डॉ पवन मिश्र

Monday, 5 June 2017

ग़ज़ल- कोई न आये


आप जैसा रहनुमा कोई न आये।
दिल दुखाने बेवफ़ा कोई न आये।।

जख़्म भरने की कवायद में लगा हूँ।
बस पुराना वाकिया कोई न आये।।

मुद्दतों के बाद गुल खिलने लगे हैं।
ऐ खुदा अब ज़लज़ला कोई न आये।।

हर गलतफहमी मिटा दूँगा मैं लेकिन।
*शर्त ये है तीसरा कोई न आये*।।

हूँ बहुत तन्हा अज़ब सी ख़ामुशी है।
दूर तक मुझको सदा कोई न आये।।

रोज तकता डाकिये की राह, लेकिन।
खत पवन के नाम का कोई न आये।।

                         ✍ डॉ पवन मिश्र
*समर साहब का मिसरा

Friday, 19 May 2017

ग़ज़ल- चलो इस जंग में तुम पर इनायत यार हो जाए


चलो इस जंग में तुम पर इनायत यार हो जाए।
कि जीतो तुम हमारा दिल हमारी हार हो जाए।।

इयादत के बहाने ही अगर दीदार हो जाए।
तो रोजेदार आँखों का सनम इफ़्तार हो जाए।।

न रोको अश्क़ आँखों में सदायें दिल की आने दो।
*बुरा क्या है हकीकत का अगर इज़हार हो जाए*।।

करीने से सजा लेना नज़र पे कोई चिलमन तुम।
कहीं ऐसा न हो नजरें मिलें और प्यार हो जाए।।

मनाएं ईद हम कैसे रिवाजों में वो उलझा है।
खुदा थोड़ी सी रहमत कर हमें दीदार हो जाए।।

हवस की नींद में डूबा है अपना राहबर यारों।
करो ऐसी बगावत रहनुमा बेदार हो जाए।।

लिये पत्थर खड़े हैं सब खियाबाँ रौंद डाला है।
पवन की इल्तिज़ा फिर से इरम गुलज़ार हो जाए।।

                                  ✍ डॉ पवन मिश्र

इयादत= रोगी का हाल पूछने और उसे दिलासा देने हेतु जाना
हवस= लोभ, लालच           राहबर= राह दिखाने वाला
बेदार= जागना।                 खियाबाँ= बाग
इल्तिज़ा= प्रार्थना।              इरम= स्वर्ग

*अर्श मलसियानी साहब का मिसरा

Sunday, 7 May 2017

ग़ज़ल- इक शमा रोशन करें


दरमियां बातों का फिर से सिलसिला रोशन करें।
आओ मिलकर इक घरौंदा प्यार का रोशन करें।।

रात गहरी है बहुत रानाइयाँ भी हैं ख़फ़ा।
जब तलक सूरज न आये इक शमा रोशन करें।।

दोष क़िस्मत पर लगाकर कोशिशें क्यूँ छोड़ना।
*इक दिया जब साथ छोड़े दूसरा रोशन करें*।।

ज़िंदगी की रहगुज़र में तीरगी ही तीरगी।
लौट आओ हमनशीं फिर रास्ता रोशन करें।।

कब तलक देखे सहम कर कश्तियों का डूबना।
थाम लें पतवार फिर से हौसला रोशन करें।।

गर हवा गुस्ताख़ है तो हम खड़े लेकर शमा।
वो बुझाये हर दफ़ा हम हर दफ़ा रोशन करें।।

                                 ✍ डॉ पवन मिश्र
तीरगी= अंधेरा
*जफ़र गोरखपुरी साहब का मिसरा