Sunday 30 August 2020

ग़ज़ल- अबकी दिसम्बर में


बजी शहनाई तो टूटा भरम अबकी दिसम्बर में

बहुत रोई मेरी आँखें सनम अबकी दिसम्बर में


बहुत बेरंग, बेहिस और ठंडे हो गए रिश्ते

ये कैसा है तिरा मुझ पे सितम अबकी दिसम्बर में


लड़कपन छोड़ कर संजीदगी से पेश आओ तुम

हुए चालीस के तुम भी सनम अब की दिसंबर में


रदीफ़ो काफ़िया मिलते नहीं बेज़ार हैं मिसरे

बताओ क्या लिखे मेरी कलम अबकी दिसम्बर में


कुहासे की घनी चादर उमीदों का है सूरज गुम

खुदाया कर जरा कुछ तो करम अबकी दिसम्बर में


असर मेरी मुहब्बत का हुआ कुछ इस कदर उन पर

मेरी ज़ानिब चले उनके कदम अबकी दिसम्बर में


गुजरते साल की टीसें भुलाकर ख़्वाब-ए-नौ देखें

चलो खाते हैं हम ये ही क़सम अबकी दिसम्बर में


                                        ✍️ डॉ पवन मिश्र


बेहिस= असंवेदनशील

ख़्वाब-ए-नौ= नये ख़्वाब, नव स्वप्न

Sunday 2 August 2020

ग़ज़ल- इस चमन का हर नज़ारा और है


इस चमन का हर नज़ारा और है।
मुस्कुराना पर तुम्हारा और है।।

चांदनी शब का सितारा और है।
यार तेरा गोशवारा और है।।

मखमली तकिया भी रक्खा है मगर।
तेरे काँधे का सहारा और है।।

कुछ न बोले बस झुका दी है नज़र।
अबकी आँखों का इशारा और है।।

ज़िंदगी में जबसे आई हो मेरी।
सच कहूँ हर सू नज़ारा और है।।

ज़र ज़मीं रुतबा तुम्हीं रक्खो हुज़ूर।
हम दिवानों का असारा और है।।

टूटकर जिनके लिए बिखरा था मैं।
उनकी रातों का सितारा और है।।

तुम जो चाहो तो ठहर जाओ यहीं।
मेरी कश्ती का किनारा और है।

बंदिशों में घिर गये हो यार तुम।
रास्ता अब तो तुम्हारा और है।।

ख़ुद के भीतर देखता हूँ आजकल।
दीद में मेरी नज़ारा और है।।

                         ✍️ डॉ पवन मिश्र

गोशवारा= कान का कुंडल
हर सू= हर तरफ
असारा= बंधन