Friday 11 August 2023

रोला- हारे का हरिनाम

हारे का हरिनाम, सहारा बन जाता है।

किंतु मित्र यह भाव, कर्म से विलगाता है।

सोचो, करो विचार, हार का कारण क्या है?

क्या है इसका साध्य, और निस्तारण क्या है?१?


कर्महीन के पास, बहाने लाखों होते।

आलस में दिन-रात, काटते रोते-रोते।

कुंठित और निराश, मनुज कब सुख पाते हैं।

दुख की चादर तान, डूबते उतराते हैं।२।


मात्र एक है मंत्र, लक्ष्य तक जो पहुँचाए।

कर्मशील इंसान, संकटों से भिड़ जाए।

आशाओं का दीप, जलाकर रखना होगा।

कुंदन की है चाह, अगर तो तपना होगा।३।


दुख की काली रात, बीतने को है साथी।

थोड़ा और प्रयास, बचा लो बुझती बाती।

अंतस का विश्वास, तुम्हारे दुख हर लेगा।

सुख का नवल प्रभात, द्वार पर दस्तक देगा।४।


✍️ डॉ पवन मिश्र

Sunday 6 August 2023

ग़ज़ल- आया तो क्या

साथ लेकर यार बाद-ए-नौ-बहार आया तो क्या

टूटने को सांस थी तब ग़म-गुसार आया तो क्या


जान ही बाकी नहीं जब जाँ-निसार आया तो क्या

जल गया गुलशन तो फिर अब्र-ए-बहार आया तो क्या


दफ़्न कर दीं आरजू सब दर से उनके लौट कर

बाद मेरे उनको मुझपे एतिबार आया तो क्या


क्या जरूरी है सभी को इश्क़ में मंजिल मिले

मेरे हिस्से में फ़कत ये इंतिज़ार आया तो क्या


अब भला आए हो क्यों तुम हाल मेरा पूछने

घुट गईं जब चाहतें तब इख़्तियार आया तो क्या


जब अदब है ही तअस्सुर ढाल देना हर्फ़ में

गीत-ग़ज़लों में मेरे फिर ज़िक्र-ए-यार आया तो क्या


उम्र भर मिलने न आया इक दफ़ा भी वो पवन

कब्र पे फिर फूल लेकर बार बार आया तो क्या


✍️ डॉ पवन मिश्र


बाद-ए-नौ-बहार- बसन्त ऋतु की शीतल सुगन्धित हवा

ग़म-गुसार- सहानुभूति प्रकट करने वाला

जाँ-निसार- प्राण न्यौछावर करने वाला

अब्र-ए-बहार- बसन्त ऋतु का मेघ

इख़्तियार- अधिकार क्षेत्र, नियंत्रण

अदब- साहित्य

तअस्सुर- मनोभाव

हर्फ़- शब्द